करज़ोक: हिमालय की छाती पर भारत का पहला गाँव
हिमालय के निस्तब्ध आकाश के नीचे, जहाँ हवा प्रार्थना-ध्वजाओं से संवाद करती है, वहीं त्सो मोरीरी झील के किनारे बसा है करज़ोक, यह केवल एक गाँव नहीं, बल्कि सीमांत पर खड़े उस राष्ट्रभाव का नाम है, जो प्रतिकूल परिस्थियों में भी मुस्कुराता है और भविष्य की ओर दृढ़ कदम बढ़ाता है। रुपशू पठार का यह सीमावर्ती बसाव, भारत के ‘आख़िरी गाँव’ की धारणा के विपरीत स्वयं को ‘पहला गाँव’ सिद्ध करता है।

करजोक गांव पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर 15,163 फीट की उंचाई स्थित है। यह गांव विश्व के सबसे उंचे गांवों में एक होने के कारण यहां पर लोगों का जीवन कठिन है। कठिन हालात में लोगों को पीने का पानी जुटाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। इस समय लद्दाख में केंद्र सरकार के हर गांव में जल पहुंचाने के जल जीवन मिशन को कामयाब बनाने पर काम चल रहा है।
करज़ोक का जीवन मौसम से नहीं, संकल्प से चलता है। यहाँ की धरती कठोर है, सर्दियाँ लम्बी और श्वासें पतली- पर चांगपा चरवाहों का साहस इन सब पर भारी है। याक ऊन के तंबुओं में तपती ठंड के बीच चलता जीवन, पश्मीना बुनते हाथ और आँखों में अडिग राष्ट्रगौरव- करज़ोक का हर दृश्य एक जीवित लोककथा की तरह है। चांगपा समाज का पशुपालन, विशेषकर पश्मीना बकरियों का संरक्षण, वैश्विक फैशन उद्योग की चमक से पहले इस धरती के श्रम और संयम का प्रतीक है।
गाँव के हृदय में स्थित करज़ोक मठ, पत्थरों और प्रार्थनाओं से रचा हुआ एक आध्यात्मिक प्रहरी है। इसकी रंगीन प्रार्थना-ध्वजाएँ हिमालयी हवाओं के साथ

फोटो: करजोक की लाइफलाइन,याक
आस्था का संदेश फैलाती हैं-यहाँ शांति और सुरक्षा एक-दूसरे की पूरक हैं। सुबह की घंटियाँ और शाम की मंत्रध्वनियाँ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सीमांत जीवन का अनुशासन हैं, जो समुदाय को एक सूत्र में बाँधती हैं।
झील के किनारे चरते याक, दूर-दूर तक फैले पठार, और रात को खुला आकाश, जहाँ तारे इतने नजदीक लगते हैं कि हाथ बढ़ाकर छू लिए जाएँ, करज़ोक को एस्ट्रो-टूरिज़्म का जीता-जागता क्षेत्र बनाते हैं।

फोटो: करजोक शीतकालीन मौसम
हाल के वर्षों में ‘वाइब्रेंट विलेजेज’ योजना ने करज़ोक के भविष्य को नई दिशा दी है। बेहतर सड़कें, सौर ऊर्जा, संचार सुविधाएँ, और स्थानीय होम स्टे, ये सब मिलकर विकास को संस्कृति के साथ जोड़ते हैं। होम स्टे में ठहरकर यात्री चांगपा परिवारों के साथ चाय पीते हैं, पश्मीना की कहानी सुनते हैं और स्थानीय व्यंजनों के स्वाद में हिमालय की कठोरता और आतिथ्य की ऊष्मा दोनों महसूस करते हैं। यह विकास किसी बाहरी ढाँचा नहीं, बल्कि स्थानीय जीवन का सशक्तीकरण है।








